*हज यात्रा 2026: यात्रियों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी, कैटरिंग से लेकर स्मार्ट टैग तक बदलाव।*

ब्यूरो रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

मुख्य सम्पादक 

 

महराजगंज, 18 मार्च 2026 हज यात्रा 2026 को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति द्वारा महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, महराजगंज ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सभी चयनित हज यात्रियों को इन नियमों का पालन करने की अपील की है।

 

जारी निर्देशों के अनुसार, इस बार हज यात्रा में कई अहम बदलाव किए गए हैं, जिनका सीधा असर यात्रियों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर पड़ेगा।

कैटरिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव

हज-2026 में मक्का में बिल्डिंग किचन व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। अब सभी यात्रियों को कैटरिंग के माध्यम से ही भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। पहले जहां भारतीय भोजन की व्यवस्था स्वयं की पसंद से संभव थी, अब ऐसा विकल्प नहीं रहेगा।

स्मार्ट कार्ड और ट्रैकिंग सिस्टम लागू

हर हज यात्री को इस बार एक स्मार्ट कार्ड दिया जाएगा, जिसमें उसकी पूरी यात्रा से जुड़ी जानकारी दर्ज होगी। यह कार्ड जीपीएस से कनेक्ट रहेगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में यात्री की लोकेशन का पता लगाकर तुरंत मदद पहुंचाई जा सकेगी। यात्रियों को इसे चार्ज रखना अनिवार्य होगा।

फ्लाइट से पहले जरूरी औपचारिकताएं

सभी यात्रियों को अपनी निर्धारित उड़ान तिथि से कम से कम 24 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचना अनिवार्य होगा। वहीं, उड़ान से दो दिन पहले बुकिंग कन्फर्मेशन की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी।

 

पासपोर्ट और दस्तावेज अनिवार्य

 

हज यात्रियों को बुकिंग के समय अपना पासपोर्ट साथ लाना अनिवार्य होगा। यह भी सुनिश्चित करना होगा कि पासपोर्ट वैध श्रेणी में हो, अन्यथा यात्रा बाधित हो सकती है।

 

हज सुविधा ऐप डाउनलोड करना जरूरी

 

हर यात्री को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर हज सुविधा ऐप डाउनलोड करना अनिवार्य किया गया है। बिना ऐप डाउनलोड किए मदीना में रजिस्ट्रेशन संभव नहीं होगा।

 

अधिकारियों की अपील

 

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि हज यात्रा सुचारू और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *