ब्यूरो रिपोर्ट/रामेश्वर त्रिपाठी महाराजगंज
महराजगंज। जनपद के फरेंदा थाना क्षेत्र स्थित फरेंदा बाईपास पर बीते दिनों युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच में जिसे हत्या का मामला मानकर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, वह अब सड़क दुर्घटना में हुई मौत साबित हुई है।
मृतक अरविंद चौधरी की मौत के बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और फील्ड यूनिट की मदद से गहन पड़ताल की।
जांच के दौरान सामने आया कि 17 मार्च की रात अरविंद चौधरी को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारी थी। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, यूपी 53 एफ 8586 नंबर की अर्टिका कार पीपीगंज टोल प्लाजा से फरेंदा की ओर आ रही थी। रात करीब 11 बजे यह हादसा हुआ, जिसके बाद कार चालक ने अगले कट से यू-टर्न लेकर सर्विस लेन के रास्ते गोरखपुर की ओर रुख कर लिया।
फुटेज में यह भी स्पष्ट हुआ कि आते समय कार सामान्य स्थिति में थी, जबकि लौटते समय वाहन क्षतिग्रस्त दिखाई दिया, जिससे दुर्घटना की पुष्टि हुई।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि, “परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी, लेकिन सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है।”
पुलिस ने संबंधित कार की पहचान कर ली है और उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
इस खुलासे के बाद जहां एक ओर हत्या की आशंका समाप्त हो गई है, वहीं तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की गंभीर समस्या एक बार फिर सामने आई है।