*नौ वर्षों की उपलब्धियों पर शिक्षा प्रदर्शनी, निपुण विद्यार्थियों व शिक्षकों का सम्मान।*

ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी महाराजगंज 

सह संपादक 

महराजगंज, 23 मार्च 2026: उत्तर प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्य विकास भवन परिसर में बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में बीते नौ वर्षों में शिक्षा क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों का विस्तृत प्रदर्शन और समीक्षा प्रस्तुत की गई।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परियोजना निदेशक उपस्थित रहे। उन्होंने निपुण घोषित विद्यार्थियों एवं संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

 

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि बीते नौ वर्षों में जनपद में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। अवसंरचना विकास के तहत जहां एक ओर राजमार्गों का निर्माण हुआ, वहीं विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का व्यापक कायाकल्प भी किया गया है। उन्होंने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और आईसीटी आधारित सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आया है। निपुण घोषित विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों को उन्होंने बधाई देते हुए अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

 

प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विभागीय उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण करते हुए बताया कि जनपद में कुल 1724 परिषदीय विद्यालयों का कायाकल्प कर उन्हें डेस्क-बेंच, पेयजल, शौचालय, विद्युत, बाउंड्रीवाल और स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। वर्ष 2024-25 तक 823 विद्यालय निपुण घोषित किए जा चुके हैं, जबकि सत्र 2025-26 में 1412 विद्यालयों के मूल्यांकन में 874 विद्यालय निपुण पाए गए। जनपद के तीन विकास खंड पूर्ण रूप से निपुण घोषित किए जा चुके हैं।

 

तकनीकी सुदृढ़ीकरण के तहत 408 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और 72 विद्यालयों में आईसीटी लैब स्थापित की गई हैं। सभी विद्यालयों को टैबलेट और सिम उपलब्ध कराकर डिजिटल शिक्षण को बढ़ावा दिया गया है। साथ ही 13 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए 3148 नामांकन सुनिश्चित करते हुए 32 विशेष शिक्षकों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त 1839 विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन के साथ फल, दूध और पूरक पोषण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

 

वर्ष 2024 में घुघली में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय की स्थापना हेतु 24.07 करोड़ रुपये तथा सदर क्षेत्र में मुख्यमंत्री अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय के लिए 1.46 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

 

प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक ने माध्यमिक शिक्षा विभाग की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए डीजी शक्ति एवं प्रोजेक्ट अलंकार जैसी योजनाओं के तहत किए गए कार्यों की जानकारी दी।

 

कार्यक्रम के दौरान निपुण लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करने वाले पांच विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें प्राथमिक विद्यालय पीड़रहिया की गुंजन यादव, कम्पोजिट विद्यालय रूधौली भावचक के अखिलेश मिश्र, प्राथमिक विद्यालय सलामतगढ़ के दिवाकर ध्वज सिंह, कम्पोजिट विद्यालय कानपुर के गोपाल पटेल, कम्पोजिट विद्यालय लखिमा थरुवा की रुक्मणी और प्राथमिक विद्यालय दुबौली की प्रियंका पटेल शामिल रहीं।

 

इसी क्रम में लक्ष्मीना, महक, अमन, अमृता और हसबुन्निसा सहित निपुण विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा कायाकल्प एवं विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों—सुरेंद्र उपाध्याय, उषा गौतम, निमिषा सिंह, किरण त्रिपाठी, सुषमा गोंड, रवि कुमार, यश कुमार सिंह, रूपाली राय, वंदना, पूनम शर्मा एवं विनीता—को भी सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समा बांध दिया, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। कार्यक्रम का संचालन पंकज कुमार मौर्य द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *