ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज, 23 मार्च 2026 जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) योजना के तहत गेहूँ खरीद को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी गेहूँ क्रय केन्द्रों पर आवश्यक तैयारियाँ समय से पूर्ण कर ली जाएं और केन्द्र प्रभारी निर्धारित समय पर उपस्थित रहें। किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने छायादार बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी केंद्र पर किसानों की अधिक भीड़ होती है तो टोकन व्यवस्था लागू की जाए, ताकि खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित रूप से चल सके। साथ ही किसानों को उनकी उपज का भुगतान 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि महिला, दिव्यांग और वृद्ध किसानों को तौल में प्राथमिकता दी जाए। उतराई-ढराई के नाम पर निर्धारित शुल्क 20 रुपये प्रति कुंतल से अधिक वसूलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
किसानों से अपील की गई कि वे खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल https://fcs.up.gov.in या “यूपी किसान मित्र” ऐप के माध्यम से गेहूँ विक्रय हेतु अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। पंजीकरण के दौरान बोये गए रकबे का सही विवरण दर्ज करें और ओटीपी के माध्यम से प्रक्रिया पूर्ण करें। साथ ही भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए बैंक खाते को आधार और NPCI से लिंक कराना आवश्यक बताया गया।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने जानकारी दी कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये अधिक है। जनपद में कुल 142 गेहूँ क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 20 मोबाइल क्रय केंद्र भी शामिल हैं।
कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं जिला खरीद अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, जिला प्रबंधक (पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस), मंडी समिति के नोडल अधिकारी, बांट एवं माप विज्ञान विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक, मंडी सचिव सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं क्रय केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।