*मिशन शक्ति 5.0 के तहत निचलौल पुलिस का जागरूकता अभियान, महिलाओं व बालिकाओं को किया सशक्त।*

ब्यूरो रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी/निचलौल

निचलौल (महराजगंज):थाना निचलौल पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने गांव एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं से संवाद स्थापित किया और उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।

 

कार्यक्रम में महिला कांस्टेबल रिंजू, महिला कांस्टेबल संध्या साहनी तथा सब इंस्पेक्टर वंदना कुमारी की सक्रिय भागीदारी रही। पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को घरेलू हिंसा, छेड़खानी, साइबर अपराध, दहेज उत्पीड़न जैसी समस्याओं के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

 

पुलिस कर्मियों ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं को आत्मविश्वासी बनाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है। इस अभियान के तहत महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर जैसे 1090 (वूमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) और 181 (महिला हेल्पलाइन) की जानकारी भी दी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।

 

इसके साथ ही बालिकाओं को गुड टच-बैड टच के बारे में विस्तार से समझाया गया और उन्हें किसी भी प्रकार की असहज स्थिति में बिना डर के अपने अभिभावकों या पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

 

सब इंस्पेक्टर वंदना कुमारी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी प्रकार की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, जिससे समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

 

इस जागरूकता अभियान से क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ा तथा उन्होंने पुलिस की इस पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *