*महराजगंज में नए एसपी शक्ति मोहन अवस्थी का सख्त ऐलान — महिला अपराधियों पर ‘जीरो टॉलरेंस’, बॉर्डर और चुनाव पर हाई अलर्ट।*

ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी महाराजगंज 

सह संपादक 

महराजगंज जनपद में कानून व्यवस्था को नई धार देने पहुंचे नवागत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पदभार संभालते ही अपने इरादे साफ कर दिए हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिला अपराध और गंभीर मामलों में किसी भी कीमत पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

 

महिला अपराधियों को सीधी चेतावनी

एसपी अवस्थी ने कड़े लहजे में कहा कि “महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए महराजगंज में कोई जगह नहीं है। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।” उन्होंने साफ किया कि पुलिस हर शिकायत को गंभीरता से लेकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

 

भारत-नेपाल सीमा पर कड़ी निगरानी

महराजगंज की संवेदनशीलता को देखते हुए भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। अवैध गतिविधियों, तस्करी और संदिग्ध मूवमेंट पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इसके लिए बॉर्डर क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और खुफिया तंत्र को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

जनसुनवाई बनेगी पुलिस की ताकत

एसपी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर होगा। “हर फरियादी को निष्पक्ष जांच और न्याय मिलेगा, चाहे मामला कितना भी बड़ा क्यों न हो।” उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि जनता के साथ व्यवहार में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखें।

 

चुनाव को लेकर सख्त रणनीति

आगामी पंचायत और विधानसभा चुनाव को लेकर भी पुलिस पूरी तरह सतर्क है। SP अवस्थी ने साफ कहा कि चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वाले अराजकतत्वों को पहले ही चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

“जो भी माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, उसे पहले ही पाबंद कर दिया जाएगा। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव हमारी जिम्मेदारी है।”

 

कड़ा संदेश, साफ संकेत

नए एसपी के इस सख्त रुख से साफ है कि महराजगंज में अब अपराधियों के लिए कोई राहत नहीं है। महिला सुरक्षा, बॉर्डर नियंत्रण और चुनावी निष्पक्षता इन तीनों मोर्चों पर पुलिस पूरी ताकत के साथ एक्शन मोड में नजर आएगी।

 

कुल मिलाकर, शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में महराजगंज पुलिस अब ‘नो नॉनसेंस’ मोड में आ चुकी है, और आने वाले दिनों में इसका असर जमीन पर साफ दिखाई देने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *