*मिनी इंडोर स्टेडियम निर्माण में घटिया सामग्री पर डीएम सख्त, ठेकेदार व एजेंसी को चेतावनी।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

उप सम्पादक 

महराजगंज, 01 अप्रैल 2026 — जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, धनेवा-धनेई में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत निर्माणाधीन मिनी इंडोर स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

निरीक्षण के दौरान परिसर में बन रहे ऑडिटोरियम के कार्यों का अवलोकन किया गया। इस दौरान निर्माण में प्रयुक्त ईंट और बालू की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने ठेकेदार और कार्यदाई संस्था यूपी सिडिको को सख्त चेतावनी देते हुए निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। स्पष्ट किया गया कि गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने छात्राओं के लिए बनाए गए छात्रावास का भी निरीक्षण किया, जहां कोई छात्रा आवासित नहीं मिली। इस पर उन्होंने छात्रावास का शीघ्र आवंटन कर उपयोग में लाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय की क्षतिग्रस्त दक्षिणी बाउंड्री की मरम्मत कराने को कहा।

 

विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर जिला विद्यालय निरीक्षक को नियमित और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा रसोईघर की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने को कहा गया।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि छात्राओं को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण मिल सके। उन्होंने सभी कार्यों को समयबद्ध और मानकों के अनुरूप पूरा कराने पर जोर दिया।

 

गौरतलब है कि मिनी इंडोर स्टेडियम का निर्माण प्रोजेक्ट अलंकार के तहत 4.92 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिसकी कार्यदाई संस्था यूपी सिडको है। जिला विद्यालय निरीक्षक पी.के. शर्मा ने बताया कि प्रोजेक्ट के तहत 25 राजकीय विद्यालयों में शौचालय और पेयजल की व्यवस्था की जा रही है, जबकि 2 विद्यालयों में भवन मरम्मत का कार्य चल रहा है। इसके अलावा 18 सहायता प्राप्त विद्यालयों में भी निर्माण कार्य जारी हैं।

 

निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक पी.के. शर्मा, प्रधानाचार्या समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *