ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी /महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देते हुए KMC मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ने एक बड़ी पहल की है। पीपीपी मोड पर संचालित इस संस्थान में अब मरीजों को सरकारी दरों पर ऑपरेशन और उपचार की सुविधा मिल रही है, जिससे आम लोगों को राहत मिलने लगी है।
इस विशेष योजना की शुरुआत 2 अप्रैल को संस्थान के चेयरमैन विनय कुमार श्रीवास्तव द्वारा की गई थी। योजना के तहत अब मरीजों को कम खर्च में हर तरह की सर्जरी और इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इतना ही नहीं, अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान दी जाने वाली सभी जरूरी दवाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
5 अप्रैल को आयोजित प्रेस वार्ता में चेयरमैन विनय श्रीवास्तव ने बताया कि यह योजना खासतौर पर उन लोगों के लिए शुरू की गई है जो आयुष्मान कार्ड से वंचित हैं या आर्थिक तंगी के चलते इलाज नहीं करा पाते। उन्होंने कहा कि “हमारा उद्देश्य है कि कोई भी मरीज पैसों के अभाव में इलाज से वंचित न रहे।”
योजना का असर शुरू होते ही दिखने लगा है। महज तीन दिनों के भीतर बड़ी संख्या में मरीजों ने पंजीकरण कराकर इलाज कराना शुरू कर दिया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, जनपद ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी लोग इस सुविधा का लाभ लेने पहुंच रहे हैं।
इस योजना के अंतर्गत जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक, ईएनटी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, मूत्र रोग और जनरल मेडिसिन जैसी कई प्रमुख चिकित्सा सेवाएं शामिल हैं।
शांति फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित इस पहल को आमजन तक पहुंचाने के लिए चेयरमैन ने मीडिया से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह योजना जनसेवा का एक मजबूत माध्यम है, जिसे हर जरूरतमंद तक पहुंचाना जरूरी है।