ब्यूरो रिपोर्ट/ अनुभव पटेल/ महराजगंज
महराजगंज, 09 अप्रैल 2026 सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा और आयोजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि तीर्थयात्रियों का चयन समय से पूरा कर उन्हें यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की पूरी जानकारी दी जाए। उन्होंने यात्रा दल में चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के लिए एक महिला या पुरुष स्वास्थ्यकर्मी को शामिल करने तथा सभी यात्रियों के लिए मेडिकल किट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
आयोजन को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए ग्राम, ब्लॉक, तहसील और जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति के निर्देश दिए गए। जिलास्तर पर जिला सूचना अधिकारी, तहसील स्तर पर तहसीलदार को नोडल तथा अधिशासी अधिकारी को सह-नोडल, विकास खंड स्तर पर बीडीओ को नोडल और एडीओ (पंचायत) को सह-नोडल तथा ग्राम स्तर पर ग्राम प्रधान को नोडल और ग्राम सचिव को सह-नोडल नामित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने उच्च एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों में सोमनाथ के इतिहास, निर्माण और वास्तुकला पर आधारित चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्व के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के तहत जनपद से विभिन्न वर्गों के 10 तीर्थयात्री 18 अप्रैल को नोडल अधिकारी के नेतृत्व में लखनऊ पहुंचेंगे। 19 अप्रैल को प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेने के बाद सभी यात्री सोमनाथ के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां तीर्थयात्री सोमनाथ कॉम्प्लेक्स में दर्शन, साउंड एंड लाइट शो और भजन संध्या जैसे कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, डीआईओएस पी.के. शर्मा, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ऋद्धि पांडेय, सहायक आयुक्त उद्योग राकेश जायसवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।