ब्यूरो रिपोर्ट/ नरसिंह उपाध्याय/ महराजगंज
उप सम्पादक
महराजगंज, 17 अप्रैल 2026 पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त और कर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान परेड की सलामी ली गई और जवानों से मार्चपास्ट व स्क्वाड ड्रिल कराई गई।परेड के दौरान पुलिस कर्मियों की फिटनेस पर विशेष जोर देते हुए दौड़ लगवाई गई तथा उन्हें नियमित रूप से व्यायाम, परेड और योगाभ्यास करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अनुशासन, एकरूपता और आपात परिस्थितियों से निपटने की क्षमता को मजबूत करने पर बल दिया गया।
परेड के बाद पुलिस लाइन परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान डायल 112 वाहनों, आरक्षी बैरक, मेस, शौचालय, फील्ड यूनिट, रेडियो शाखा, 112 कंट्रोल रूम, डीसीआर कक्ष, महिला हॉस्टल, आरटीसी बैरक समेत विभिन्न इकाइयों की व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जहां-जहां कमियां पाई गईं, उन्हें शीघ्र दूर करने और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस कर्मियों के लिए स्वच्छ पेयजल और मेस में गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
इस निरीक्षण से साफ संकेत है कि पुलिस विभाग अब अनुशासन, फिटनेस और सुविधाओं को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।