ब्यूरो रिपोर्ट: अनुभव पटेल /न्यूज़18 प्लस निचलौल
निचलौल क्षेत्र के यादव पेट्रोल पंप पर आज हालात बेकाबू नजर आए, जहां पेट्रोल भरवाने के लिए सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते यह लाइनें जाम में बदल गईं और पूरा इलाका ‘ईंधन संकट’ की चपेट में आ गया।
तेज धूप में लोग घंटों खड़े रहने को मजबूर हो गए। बाइक सवार हों या कार चालक—हर किसी के चेहरे पर बेबसी और नाराजगी साफ झलक रही थी। सड़क पर जाम इतना लंबा था कि आसपास के इलाकों में भी यातायात रेंगने लगा, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेट्रोल की सीमित आपूर्ति ने इस संकट को और गहरा कर दिया। अचानक बढ़ी भीड़ के सामने पंप की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जिससे हालात बिगड़ते चले गए।
स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला। कड़ी मशक्कत के बाद जाम को धीरे-धीरे नियंत्रित किया गया। प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि जल्द ही पेट्रोल की आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
फिलहाल प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है और हालात को काबू में लाने की कोशिश जारी है, लेकिन इस घटना ने व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
सवाल यही है—आखिर कब तक आम जनता यूं ही ‘ईंधन की लाइन’ में पिसती रहेगी?