*दिशा बैठक में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी सख्त: गैस किल्लत दूर करने, सड़क सुरक्षा और योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश।*

ब्यूरो रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

मुख्य सम्पादक 

महराजगंज, 20 अप्रैल 2026 जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री व सांसद पंकज चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई।

 

बैठक के दौरान नौतनवा क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठा, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल आपूर्ति सुचारू कराने के निर्देश दिए। वहीं विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाइटेंशन तारों के मामले में विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

 

ग्राम पंचायत सदस्यों के लंबित भत्तों पर नाराजगी जताते हुए डीपीआरओ को मिशन मोड में भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ाने और उनके उत्पादों के बेहतर मार्केट लिंकेज पर जोर दिया गया।

 

सड़क हादसों पर चिंता व्यक्त करते हुए मंत्री ने हेलमेट सहित सभी सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही रोजगार सेवकों के कार्य बहिष्कार को समाप्त कराने के लिए उपायुक्त स्वतः रोजगार को वार्ता कर समाधान निकालने को कहा।

 

बैठक में पूर्व निर्देशों के अनुपालन पर संतोष जताते हुए मंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी समिति के निर्देशों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। जनप्रतिनिधियों के साथ सतत संवाद बनाए रखें और कार्यों की नियमित जानकारी साझा करें।

 

मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में चल रही योजनाओं की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि लाखों लाभार्थियों को पेंशन योजनाओं का लाभ मिल रहा है, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत आवास पूर्ण किए जा चुके हैं, मनरेगा में 55 लाख से अधिक मानव दिवस सृजित हुए हैं तथा पीएम किसान योजना के तहत हजारों किसानों को आर्थिक सहायता दी गई है।

 

बैठक में जल जीवन मिशन, पीएमजीएसवाई, प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम सहित विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।

 

अंत में जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि समिति के सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा और योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा जाएगा।

बैठक में जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *