फर्जी आधार से लोन दिलाने का खेल बेनकाब: 10 हजार का इनामी ठग गिरफ्तार।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

महराजगंज। जनपद में बढ़ते धोखाधड़ी के मामलों पर शिकंजा कसते हुए पुरन्दरपुर पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। फर्जी आधार कार्ड बनाकर लोगों को लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले वांछित और इनामी आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

 

पुलिस के मुताबिक, थाना पुरन्दरपुर में 15 अक्टूबर 2024 को दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में आरोपी विश्व दमन पुत्र ब्रह्मदेव, निवासी भैसहवा ढोढरा, थाना खोराबार (गोरखपुर) लंबे समय से फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उस पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

 

कुशीनगर से दबोचा गया शातिर आरोपी

सोमवार को सक्रिय हुई पुलिस टीम ने कुशीनगर जनपद के हाटा बाजार क्षेत्र में सटीक सूचना के आधार पर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को आसान लोन दिलाने का झांसा देता था और फिर उनसे पैसे ऐंठकर फरार हो जाता था।

 

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक सर्वदेव खरवार और कांस्टेबल इमरान अहमद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

 

सख्त संदेश:

इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *