*महराजगंज में ‘फॉर्मर रजिस्ट्री महाअभियान’ की शुरुआत, सुबह 6 बजे से गांव-गांव पहुंची प्रशासन की टीम।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी/ महाराजगंज 

मुख्य सम्पादक 

महराजगंज, 21 अप्रैल 2026। जनपद में किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के उद्देश्य से आज तड़के सुबह 6 बजे से विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत प्रशासन पूरी तरह से फील्ड में उतर आया और ब्लॉक से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक के अधिकारियों व कर्मचारियों को गांवों में तैनात किया गया।

उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, बीडीओ, लेखपाल और ग्राम सचिव की टीमें घर-घर जाकर किसानों से संपर्क कर रही हैं, ताकि अधिक से अधिक किसानों की फॉर्मर आईडी मौके पर ही बनाई जा सके।

इस पूरे अभियान की निगरानी जिलाधिकारी द्वारा स्वयं की गई। कैंप कार्यालय से लाइव मॉनिटरिंग करते हुए उन्होंने विभिन्न गांवों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कई गांवों के किसानों, ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया।नौतनवा तहसील के कौलही गांव में किसान उमेश राय से बातचीत कर उन्हें अन्य किसानों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं परतावल ब्लॉक के पिपरिया गांव में अनीशुर्रहमान, कमाल और प्रधान प्रतिनिधि वसीम से संवाद करते हुए 30 अप्रैल तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने की अपील की गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 30 अप्रैल के बाद कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ केवल फॉर्मर आईडी के माध्यम से ही मिलेगा। ऐसे में सभी पात्र किसानों के लिए समय रहते रजिस्ट्री कराना बेहद जरूरी है।

गर्मी और लू को देखते हुए अभियान को सुबह और शाम के समय संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हर ग्राम पंचायत में टीम बनाकर घर-घर जाकर रजिस्ट्री सुनिश्चित की जा रही है।

अभियान के पहले ही दिन सकारात्मक परिणाम सामने आए। दोपहर तक 900 नई फॉर्मर आईडी बनाई गईं, जिससे जनपद में कुल रजिस्ट्री की संख्या बढ़कर 3,81,940 पहुंच गई है।प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि तय समय सीमा के भीतर लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी फॉर्मर रजिस्ट्री जल्द से जल्द पूर्ण कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *