अर्धजला महिला का शव मिलने से हड़कंप, सीओ व एडिशनल एसपी मौके पर, जांच तेज।

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी प्रधान संपादक 

 

महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सेमरा चन्द्रौली में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अज्ञात महिला का अर्धजला शव बरामद हुआ। शव बड़ी नहर के पश्चिम तरफ स्थित राजा राम सिंह के खेत में पड़ा मिला। सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंकुर गौतम मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेते हुए पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं एडिशनल एसपी सिद्धार्थ भी मौके पर पहुंचे और मामले की गहन जांच की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। शव बुरी तरह जला होने के कारण उसकी पहचान करना फिलहाल मुश्किल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाकर आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *