ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी /महाराजगंज
सह संपादक/न्यूज 18प्लस
महराजगंज, 10 मार्च 2026। आगामी 25, 26 एवं 27 अप्रैल को प्रस्तावित उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट 2025 परीक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य परीक्षा तैयारियों का जायजा लेना तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित कराना रहा।
निरीक्षण के दौरान जीजीआईसी धनेवा धनेई एवं जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज का भ्रमण किया गया। इस दौरान परीक्षा कक्षों, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम तथा परीक्षार्थियों के लिए बनाए गए जांच स्थलों का गहन निरीक्षण किया गया। सुरक्षा एवं गोपनीयता के मानकों के पालन पर विशेष बल देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। केंद्र व्यवस्थापकों को क्लॉक रूम, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त फर्नीचर, साफ-सुथरे शौचालय तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यह भी निर्देशित किया गया कि परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के साथ ही प्रवेश व्यवस्था एवं जांच प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया।
कंट्रोल रूम एवं स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया और सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए गए। परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को सजग एवं जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के लिए कहा गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल को कुल 06 पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में 4320 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे, जबकि कुल 25,920 परीक्षार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, प्राचार्य जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज डॉ. अजय मिश्रा, प्रधानाचार्य जीजीआईसी धनेवा धनेई सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।