*सड़क सुरक्षा पर सख्त एक्शन: डीएम संतोष कुमार शर्मा ने दिए कड़े निर्देश, ब्लैक स्पॉट्स पर होंगे त्वरित सुधार।*

ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी /महाराजगंज 

मुख्य सम्पादक/ न्यूज 18प्लस 

महराजगंज, 23 अप्रैल 2026 जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं की संख्या, उनके कारणों, चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स की स्थिति तथा उन पर किए गए सुधारात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही विभिन्न संकेतकों की उपलब्धता एवं “गुड सेमैरिटन” से संबंधित व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।

 

जिलाधिकारी ने विगत माह में हुई सड़क दुर्घटनाओं तथा उनमें हुई मृत्यु के मामलों की जानकारी लेते हुए इसे अत्यंत गंभीर विषय बताया। उन्होंने निर्देश दिया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा एम्बुलेंस की पहुंच एवं रिस्पॉन्स टाइम में सुधार लाया जाए।

 

उन्होंने लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर शीघ्र सुधारात्मक कार्य सुनिश्चित किए जाएं। इन स्थलों पर साइन बोर्ड, रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप, स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक एवं कैट लाइट अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, जिससे तीव्र मोड़ों एवं दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान आसानी से हो सके।

 

विशेष रूप से गोरखपुर–महराजगंज मार्ग के रमपुरवा, शिकारपुर, परतावल चौराहा तथा सेमरा चंदौली क्षेत्रों में आवश्यक संकेतकों को तत्काल स्थापित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त हाईवे से जुड़े संपर्क मार्गों पर स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि संपर्क मार्गों से आने वाले वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

 

जिलाधिकारी ने एनएच-24 के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने तथा दुर्घटना स्थलों पर सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता को दुर्घटना निरोधक कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक में अधिशासी अभियंता राजकुमार मिश्रा, सहायक परिवहन अधिकारी मनोज सिंह, डिप्टी सीएमओ, डीआईओएस प्रदीप शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ऋद्धि पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *