विकलांग रिक्शा चालक से मारपीट: आरोपी पर मुकदमा दर्ज, हेड कांस्टेबल निलंबित।

Bureau Report/ Rakesh Tripathi /Maharajganj 

News 18 Plus /Chief Editor 

महराजगंज, 27 अप्रैल 2026 जनपद के थाना घुघली क्षेत्र में एक विकलांग रिक्शा चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है, वहीं ड्यूटी के दौरान अशोभनीय व्यवहार के आरोप में एक हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल की शाम लगभग 6 बजे पकड़ी सिसवा चौराहे पर एक व्यक्ति द्वारा विकलांग रिक्शा चालक के साथ मारपीट की सूचना मिली। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना घुघली में तैनात हेड कांस्टेबल मौके पर पहुंचे। वहां पाया गया कि रामउग्रह, निवासी ग्राम पकड़ी सिसवा, शराब के नशे में विकलांग रिक्शा चालक भकोल शर्मा (लगभग 50 वर्ष) के साथ मारपीट कर रहा था।

 

पुलिस द्वारा दोनों को अलग कर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी पुलिसकर्मी से ही उलझ गया और दुर्व्यवहार करने लगा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाना घुघली लाया।

 

पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना घुघली में आरोपी के विरुद्ध मु0अ0सं0 0083/2026 के तहत धारा 115(2), 351(3), 352 एवं 324(2) BNS के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

इसी बीच, घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें पुलिस कार्रवाई के दौरान का दृश्य सामने आया। वीडियो के परीक्षण के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित हेड कांस्टेबल को अशोभनीय व्यवहार के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए गए हैं।

 

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के आचरण की मर्यादा सर्वोपरि है। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या अनुचित व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *