रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज
महराजगंज। हिंदुस्तान ओलंपियाड मेधावी सम्मान समारोह में जिले का गौरव बढ़ाने वाले एस.एस. इंटर कॉलेज, करमही के मेधावी छात्र-छात्राओं को भव्य रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभाओं की उपलब्धियों ने पूरे जनपद का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया।
वर्ष 2026 की हाईस्कूल परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली आयुषी चौधरी ने विद्यालय का नाम रोशन किया, वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले में 7वां स्थान हासिल करने वाली आस्था चौधरी की सफलता भी प्रेरणादायक रही। दोनों छात्राओं की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए मिसाल बन गई हैं।
इसी क्रम में गणित विषय में 100 में 100 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आंचल गुप्ता, आलोक गौण और रमजान अंसारी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता को और ऊंचा किया है।
यह सम्मान समारोह महराजगंज स्थित होटल लेग्रेंड में आयोजित हुआ, जहां माननीय जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) एवं बीएसए महराजगंज के कर-कमलों द्वारा सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
विद्यालय की वर्ष 2022 से 2026 तक की लगातार शानदार उपलब्धियों ने यह साबित कर दिया है कि एस.एस. इंटर कॉलेज, करमही अब केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि उत्कृष्टता की पहचान बन चुका है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री अजय कुमार मिश्र एवं प्रधानाचार्य श्री विजय कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।