*देवर की बारात घर पहुंचते ही विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप।*

Bureau Report/ Ramesh Kumar Yadav Farenda /Correspondent /News 18 Plus 

आनन्दनगर/महराजगंज। फरेंदा तहसील के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के बचगंगपुर के टोला थापापुर में शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं घर में चल रहे मांगलिक कार्यक्रम के बीच अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि मृतका अंशु अपने घर के एक कमरे में थी, तभी उसका देवर कृष्ण मोहन बारात लेकर घर पहुंचा। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर अंशु का शव पंखे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिजन चीख-पुकार करने लगे और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

मृतका के भाई कृष्ण चंद्र दुबे ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अंशु की शादी 9 मई 2022 को कृष्ण गोपाल निवासी थापापुर से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि घटना वाले दिन देवर की बारात लौटने के बाद ससुराल वालों ने अंशु के साथ मारपीट की, उसके जेवर छीन लिए और फिर उसकी हत्या कर दी।

भाई ने पति, देवर और सास के खिलाफ थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की बात कह रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *