महराजगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1 करोड़ की नशीली दवाओं के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

 

महराजगंज, 07 मई 2026। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना श्यामदेउरवां क्षेत्र की पुलिस टीम ने भारी मात्रा में नशीली दवाइयों के साथ तीन अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद नशीली दवाओं की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

 

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर ग्राम श्यामदेउरवां स्टेडियम के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। इस दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गईं।

 

क्या-क्या हुआ बरामद

26 पैकेट ट्रैमालैब कैप्सूल (6240 कैप्सूल)

73 पैकेट एलजोमैक टेबलेट (43,800 टेबलेट)

अल्ट्रापार नियो टेबलेट के 25 बॉक्स (3,750 टेबलेट)

 

 

 

रामसमुश (40 वर्ष), निवासी खरोहवा, थाना बेलीपार, गोरखपुर

 

नवीन कुमार गौतम (28 वर्ष), निवासी अंधीयारीबाग, थाना गोरखनाथ, गोरखपुर

 

संदीप कुमार (32 वर्ष), निवासी डोहरिया, थाना तिवारीपुर, गोरखपुर

 

 

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गोरखपुर से नशीली दवाएं लाकर विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। इसके लिए वे किराए की गाड़ी का इस्तेमाल करते थे और पिछले करीब तीन महीनों से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे। तीनों आरोपी पहले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) के रूप में कार्य कर चुके हैं, जिससे उन्हें दवाओं की सप्लाई चैन की जानकारी थी।

 

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

 

तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना श्यामदेउरवां में मु0अ0सं0 131/2026 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

 

इस सफल कार्रवाई में थाना श्यामदेउरवां की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें उपनिरीक्षक अभिजीत कुमार, उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अनिकेत सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 

नशे के खिलाफ महराजगंज पुलिस का अभियान लगातार जारी है, जिससे तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *