जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण: व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश, बेड ऑक्युपेंसी बढ़ाने पर जोर।

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

महराजगंज, 07 मई 2026

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने गुरुवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने ट्रामा सेंटर, आयुष्मान वार्ड, सीटी स्कैन कक्ष, एसएनसीयू तथा पीकू वार्ड का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार वर्तमान में जिला अस्पताल में 48 चिकित्सक और 108 स्टाफ नर्स कार्यरत हैं।

 

आयुष्मान वार्ड में मात्र दो मरीज मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए बेड ऑक्युपेंसी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र मरीजों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इसी तरह पीकू वार्ड में भी मरीजों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

 

एसएनसीयू में मरीजों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बेड स्वीकृत कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही नवनिर्मित क्रिटिकल केयर अस्पताल में आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति और मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने रैन बसेरे की व्यवस्था सुधारने और साफ-सफाई को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि जिला अस्पताल जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए हर मरीज को बेहतर इलाज और सुविधाएं मिलनी चाहिए।

 

विभिन्न क्षेत्रों से सीधे जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों से बातचीत के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

 

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद, सीएमएस डॉ. ए.के. द्विवेदी, एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार, डॉ. ए.बी. त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *