रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
महराजगंज, 07 मई 2026
जनपद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अंर्तजनपदीय एटीएम चोरी व ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए थाना श्यामदेउरवां पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 45,000 रुपये नगद, 34 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रदीप कुमार पासवान (38 वर्ष) और संदीप पासवान (30 वर्ष), निवासी ग्राम मोहरीपुर थाना चिलुआताल, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। दोनों को 07 मई 2026 को ग्राम पिपरपाति से गिरफ्तार किया गया।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महराजगंज, गोरखपुर और कुशीनगर जनपदों में सक्रिय थे। ये लोग एटीएम बूथों की पहले रेकी करते थे और सुनसान स्थानों को निशाना बनाते थे। भोले-भाले लोगों को एटीएम से पैसा निकालने में मदद के बहाने उनका कार्ड बदल लेते थे और बाद में खाते से पैसे निकाल लेते थे।
गिरोह के सदस्य पहचान छिपाने के लिए मोबाइल का कम इस्तेमाल करते थे और आवाजाही के लिए किराये के वाहनों का सहारा लेते थे। शक से बचने के लिए ये लोग गांव-गांव घूमकर सामान बेचने का काम भी करते थे।
बरामदगी
₹45,000 नगद
34 एटीएम कार्ड (विभिन्न बैंकों के)
02 मोबाइल फोन
01 मोटरसाइकिल (हीरो पैशन प्रो, नंबर UP53BC6934)
दर्ज मुकदमे
अभियुक्तों के विरुद्ध थाना श्यामदेउरवां में मु0अ0सं0 123/2026 एवं 129/2026 धारा 318(4), 303(2), 317(2), 317(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम की भूमिका!
इस कार्रवाई को थाना श्यामदेउरवां की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक रामानुज यादव, अंजनी कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।