रिपोर्ट,News 18plus
लखनऊ, संवाददाता
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में तैनात एक कॉन्स्टेबल के लगातार दूसरे दिन वायरल हुए वीडियो ने विभाग में हलचल मचा दी है। रिजर्व पुलिस लाइंस में तैनात कॉन्स्टेबल सुनील कुमार शुक्ला ने विभागीय अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
कॉन्स्टेबल ने वीडियो जारी कर सीधे योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप की अपील की है। उनका कहना है कि जिन अधिकारियों पर आरोप लगाए गए हैं, वही इस मामले की जांच कर रहे हैं, जिससे निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।
वीडियो में उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि “काले अंग्रेज” यानी विभाग के अधिकारी ही जांच कर रहे हैं, ऐसे में न्याय की उम्मीद करना मुश्किल है। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए।
कॉन्स्टेबल शुक्ला ने आरोप लगाया कि रिजर्व पुलिस लाइन में ड्यूटी लगाने के नाम पर पुलिसकर्मियों से हर महीने अवैध वसूली की जाती है। उनके अनुसार गार्ड कमांडर के माध्यम से सिपाहियों और दीवानों से लगभग दो हजार रुपये प्रति माह वसूले जाते हैं, जो कथित रूप से निचले स्तर से लेकर उच्च अधिकारियों तक पहुंचते हैं।
उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कई अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उन्हें विभाग के अंदर से न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है।
सूत्रों के अनुसार वीडियो वायरल होने के बाद कॉन्स्टेबल को 20 दिन की छुट्टी पर भेज दिया गया है। इससे पहले भी उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोप लगाए थे।
हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है।
(जांच और विभागीय प्रतिक्रिया का इंतजार)