न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो रिपोर्ट: सिंदुरिया
महराजगंज जनपद के सिंदुरिया थाना क्षेत्र में दबंगों की दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां निजी रास्ते पर जबरन कब्जा करने की कोशिश का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। पीड़ित दंपत्ति के साथ न केवल मारपीट की गई बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी गई, जबकि पुलिस पर कार्रवाई न करने का गंभीर आरोप लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सिंदुरिया निवासी शम्भूनाथ तिवारी ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनके घर के सामने वर्षों से चला आ रहा निजी रास्ता है। दिनांक 03 मई 2026 की सुबह करीब 10 बजे पड़ोसी नंदकिशोर तिवारी व अन्य लोग मजदूरों के साथ पहुंचे और रास्ते पर गड्ढा खोदकर कब्जा करने लगे।
जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी को भी नहीं बख्शा गया और दोनों को बेरहमी से पीटा गया। घटना के दौरान गांव के अन्य लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने खुलेआम धमकी दी कि “तुम दोनों की हत्या कर देंगे और तुम्हारी जमीन पर कब्जा कर लेंगे, कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।”
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित ने घटना की सूचना तुरंत स्थानीय थाना सिंदुरिया में दी, लेकिन पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे पीड़ित परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस पर सवाल
घटना के बाद से ही क्षेत्र में यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर क्यों पुलिस ऐसे मामलों में निष्क्रिय बनी रहती है। क्या दबंगों के हौसले प्रशासनिक ढील के कारण बुलंद हो रहे हैं?
पीड़ित की मांग!
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगे।