लंबित मामलों पर सख्ती: अभियोजन कार्यों की समीक्षा, प्रभावी पैरवी के निर्देश।

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

महराजगंज, 10 मई 2026 पुलिस लाइन सभागार में अभियोजन एवं न्यायालय संबंधी कार्यों की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में संयुक्त अभियोजन अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी, न्यायालय पैरोकार/कोर्ट मोहर्रिर एवं मॉनिटरिंग सेल प्रभारी उपस्थित रहे।

 

गोष्ठी के दौरान न्यायालयों में लंबित अभियोगों, गंभीर अपराधों और चिन्हित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समयबद्ध और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए, ताकि दोषियों को शीघ्र सजा दिलाई जा सके।

 

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि विवेचना के दौरान साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं विधिक ढंग से संकलन किया जाए, जिससे न्यायालय में अभियोजन पक्ष मजबूत स्थिति में रहे। साथ ही अभियोजन और पुलिस अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, गवाहों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा वारंट और समन की तामीला में तेजी लाने पर जोर दिया गया।

 

महिला एवं बाल अपराध, गैंगस्टर, पॉक्सो सहित गंभीर मामलों में विशेष सतर्कता बरतने और प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए गए। न्यायालय संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत भी दी गई।

 

गोष्ठी में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *