*विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा!*

Bureau Report /Rajiv Tripathi Siswa Kothibar /News 18 Plus /Co-Editor 

 

नौकरी और विदेश भेजने का झांसा देकर किस्तों में रकम लेने का आरोप; पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने की शिकायत।

 

सिसवा कोठीभार, महराजगंज। विदेश भेजने और नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपये लेने तथा रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में न्यायालय के आदेश पर कोठीभार पुलिस ने आरोपी सुकुरूल्लाह पुत्र अहमद अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

एफआईआर में दर्ज शिकायत के मुताबिक, नहछोरी निवासी अतीउल्लाह का आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले सुकुरूल्लाह उसके संपर्क में आया था। उसने विदेश भेजने का काम करने की बात कही और कई कागजात दिखाते हुए हेवती मुख्य चौराहे पर अपना कार्यालय होने की जानकारी दी। आरोपी की बातों और दिखाए गए दस्तावेजों पर विश्वास कर शिकायतकर्ता ने विदेश भेजने के नाम पर रकम देना शुरू किया।

 

अलग-अलग किस्तों में खाते में भेजी रकम

 

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सितंबर 2025 से नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग तिथियों में ऑनलाइन माध्यम से आरोपी के खाते में कई किस्तों में रकम भेजी गई। एफआईआर में 20 हजार, 30 हजार, 20 हजार, 25 हजार, 35 हजार, 10 हजार, 30 हजार, 10 हजार, 35 हजार तथा 50-50 हजार रुपये सहित अन्य रकम के लेनदेन का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने लेनदेन से संबंधित दस्तावेजों को भी साक्ष्य के तौर पर प्रस्तुत किए हैं।

 

कार्यालय बंद होने के बाद बढ़ी परेशानी

 

शिकायतकर्ता के अनुसार, मार्च 2026 में आरोपी का कार्यालय बंद हो गया। इसके बाद कई दिनों तक फोन पर भी संपर्क नहीं हो सका। इसी दौरान शिकायतकर्ता की बेटी की शादी 15 जुलाई 2026 को तय हो गई। आरोप है कि शादी के लिए पैसों की आवश्यकता होने पर शिकायतकर्ता जुलाई के प्रथम सप्ताह में आरोपी के महाराष्ट्र स्थित पते पर पहुंचा और रकम वापस करने की मांग की।

 

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने 10 जुलाई को घर आने की बात कही, लेकिन वह नहीं आया। इसके बाद 20 जुलाई को आरोपी के हेवती पहुंचने पर शिकायतकर्ता ने दो ग्रामीणों के साथ उससे मुलाकात की। आरोप है कि इस दौरान रकम वापस मांगने पर आरोपी ने कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी और दोबारा फोन या संपर्क नहीं करने की चेतावनी दी।

 

पुलिस स्तर पर कार्रवाई न होने का आरोप, कोर्ट पहुंचा मामला

 

शिकायतकर्ता का कहना है कि स्थानीय स्तर पर शिकायत के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 25 जुलाई को पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी गई। कार्रवाई न होने पर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद कोठीभार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

 

पुलिस कर रही लेनदेन और दस्तावेजों की जांच

 

इस संबंध में थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले में लगाए गए आरोपों, लेनदेन से संबंधित अभिलेखों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

मुकदमा दर्ज होना आरोपों की पुष्टि नहीं है। मामले में आरोपों की सत्यता का निर्धारण पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *