बकरीद से पहले सिसवा में प्रशासन अलर्ट: कोठीभार थाने में पीस कमेटी की अहम बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील।

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

महराजगंज (सिसवा बाजार): आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोठीभार थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र के विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और संभ्रांत नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

 

बैठक के दौरान प्रशासन की ओर से त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी भाईचारा कायम रखने को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश साझा किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से दूर रहें और सोशल मीडिया पर भी संयम बरतें।

 

क्या बोले थाना प्रभारी कोठीभार:

थानाध्यक्ष कोठीभार अखिलेश वर्मा ने अपने संबोधन में सख्त लेकिन संतुलित संदेश देते हुए कहा कि, “त्योहार खुशियों और आपसी प्रेम का प्रतीक है, इसे शांति और सौहार्द के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। कोई भी व्यक्ति कानून हाथ में लेने की कोशिश करता है या माहौल बिगाड़ने की साजिश करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरी तरह सतर्क है और हर स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है।”

 

उन्होंने आगे कहा कि, “अफवाहें समाज को तोड़ती हैं, इसलिए किसी भी सूचना की पुष्टि किए बिना उस पर विश्वास न करें। यदि कहीं कोई समस्या या विवाद की स्थिति बनती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। प्रशासन हर नागरिक की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।”

 

बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं और समाज के प्रमुख लोगों ने भी प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे अपने-अपने समुदाय में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे तथा किसी भी प्रकार की गलतफहमी को फैलने नहीं देंगे।

 

अंत में सभी ने एक स्वर में बकरीद पर्व को मिल-जुलकर, भाईचारे और आपसी सम्मान के साथ मनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *