विश्रामपुर में अवैध पेट्रोल-डीजल कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा। छापेमारी में 268 लीटर ईंधन बरामद, बिना लाइसेंस बिक्री का खुलासा; एफआईआर की तैयारी!

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

महराजगंज, 30 मई जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर आवश्यक वस्तुओं के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को विश्रामपुर चौराहा, सिधवारी (विकास खंड फरेन्दा) में प्रशासन ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की।

 

क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षक फरेन्दा ने पुलिस बल की मौजूदगी में एक किराना दुकान की जांच की। जांच के दौरान दुकान से अवैध रूप से भंडारित 146 लीटर पेट्रोल और 122 लीटर डीजल बरामद किया गया। दुकान संचालिका तान्या जायसवाल पेट्रोल और डीजल के भंडारण तथा बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सकीं।

 

जांच में सामने आया कि पेट्रोल और डीजल को विभिन्न गैलनों, डिब्बों और पानी की बोतलों में संग्रहित कर अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी की गई थी। संबंधित व्यक्ति ने अपने लिखित बयान में बिना लाइसेंस पेट्रोल की बिक्री और अवैध भंडारण की बात स्वीकार की है।

 

प्रशासन ने बरामद कुल 268 लीटर ईंधन को राज्य सरकार के पक्ष में जब्त कर अग्रिम आदेश तक सुरक्षित अभिरक्षा के लिए संबंधित पेट्रोल पंप को सुपुर्द कर दिया है।

 

प्रकरण में उत्तर प्रदेश हाई स्पीड डीजल आयल एवं लाइट डीजल आयल (सम्भरण एवं वितरण) आदेश, 1981 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के उल्लंघन का मामला सामने आने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 और भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

 

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अनधिकृत बिक्री के खिलाफ जनपद में सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *