न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/सिसवा कोठीभार
कोठीभार (महराजगंज)। थाना कोठीभार क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरते हुए जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपी युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता राधिका (पुत्री रमेश), निवासी सिसवां बाजार, जैनी छपरा, वार्ड संख्या-1 का आना-जाना कुशीनगर जनपद के थाना पड़रौना क्षेत्र के हरका गांव स्थित अपनी मौसी के घर था। आरोप है कि इसी दौरान वहां के निवासी अभिषेक (पुत्र सुरेंद्र) ने उसे शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के मुताबिक, जब उसने आरोपी से शादी करने की बात कही तो उसने कोर्ट मैरिज का भरोसा दिलाया। इसी क्रम में 3 सितंबर 2026 को आरोपी उसके घर पहुंचा और रात में रुककर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि अगली सुबह वह युवती को महाराजगंज लाकर छोड़कर फरार हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि फोन करने पर आरोपी ने पहले अपनी मां की तबीयत खराब होने का बहाना बनाया, लेकिन अगले दिन शादी की बात पर साफ मुकर गया। इतना ही नहीं, उसने कथित तौर पर धमकी दी कि उनके बीच हुए संबंध को भूल जाए, अन्यथा उसकी जिंदगी बर्बाद कर देगा और हत्या भी करा देगा।
पीड़िता ने स्थानीय थाना कोठीभार और पुलिस अधीक्षक महराजगंज को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय की शरण ली। अब न्यायालय के माध्यम से प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना कराए जाने के लिए थाना कोठीभार को आदेशित करने की मांग की गई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।