न्यूज 18+ ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 1 अक्टूबर। अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए महराजगंज पुलिस ने गुरुवार को जिलेभर में व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने एक साथ 64 संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान अवैध कच्ची शराब तैयार करने के लिए रखा गया करीब 17 क्विंटल लहन तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने करीब 770 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद कर उसे मौके पर नष्ट किया।
अभियान के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 50 लीटर कच्ची शराब, 24 अदद बन्टी-बबली (देशी शराब) और एक नाव बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम समेत अन्य सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संदिग्ध ठिकानों की लगातार निगरानी की जा रही है।