सिसवा बाजार–घुघली रेल ट्रैक पर मिला करीब 75 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव!

मुंडेरी चौबे गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर पड़ा था शव, पहचान कराने में जुटी पुलिस; पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी।

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/सिसवा कोठीभार

 

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र में सिसवा बाजार और घुघली के बीच शनिवार, 10 अक्टूबर को रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई। मुंडेरी चौबे गांव के सामने रेलवे ट्रैक के किलोमीटर संख्या 339/8-9 पर शव मिलने की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

 

पुलिस के अनुसार, सिसवा बाजार के स्टेशन अधीक्षक को पूर्वोत्तर रेलवे की ट्रेन संख्या 55096 के चालक ने रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना दी थी। इसके बाद सुबह करीब 9:13 बजे पुलिस को सूचना प्राप्त हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि करीब 75 वर्षीय व्यक्ति का शव रेलवे ट्रैक के बीच पड़ा था। पुलिस ने शव को ट्रैक से हटाकर किनारे कराया।

 

इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस सामाजिक माध्यमों के जरिए भी शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

 

पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी

 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान और घटना के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है। पुलिस के मुताबिक, मौके पर शांति व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *