*डीएम-एसपी ने परिजनों से मिलकर निष्पक्ष जांच का दिलाया भरोसा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर!*

Bureau Report/ News 18 Plus /Correspondent Siswa Kothibahar 

नम आंखों से दी गई युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह को अंतिम विदाई, 

सिसवा बाजार (महराजगंज)। स्थानीय इंदिरा नगर वार्ड निवासी युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह का गुरुवार को असमन टोला स्थित गिरनारी खेखड़ा घाट पर पूरे राजकीय सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि दिए जाने के साथ ही राहुल पंचतत्व में विलीन हो गए। अंतिम यात्रा में उमड़े हजारों लोगों की नम आंखें इस बात की गवाह बनीं कि क्षेत्र ने एक होनहार युवा प्रतिभा को हमेशा के लिए खो दिया है। पूरे नगर में शोक और संवेदना का माहौल बना रहा।

 

बताया जाता है कि राहुल सिंह मंगलवार को लखनऊ के विभूतिखंड क्षेत्र स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार देर रात प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में उनका पार्थिव शरीर पैतृक आवास पहुंचा। शव के घर पहुंचते ही परिजनों का विलाप सुनकर हर किसी की आंखें भर आईं। देर रात से ही अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा।

 

गुरुवार सुबह जब राहुल की अंतिम यात्रा निकली तो जनसैलाब उमड़ पड़ा। रास्ते भर लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। गिरनारी खेखड़ा घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। मुखाग्नि के समय मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरा वातावरण गमगीन हो उठा।

 

इधर, दोपहर में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी शोकाकुल परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

 

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता, क्षेत्राधिकारी रविन्द्र सिंह, खंड विकास अधिकारी अर्जुन चौधरी, एडीओ आईएसबी सुजीत गौड़, थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा, चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

 

राहुल सिंह के असामयिक निधन ने पूरे महराजगंज जिले को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक प्रतिभाशाली युवा वैज्ञानिक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर लोगों में कई सवाल उठ रहे हैं। वहीं, परिजन और क्षेत्रवासी निष्पक्ष जांच के माध्यम से घटना की सच्चाई सामने आने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *