न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो: महराजगंज
महराजगंज। जिला पंचायतीराज विभाग से संबंधित वर्ष 2018-19 से 2023-24 तक की लंबित ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण हेतु जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित ऑडिट प्रस्तरों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत सचिवों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि वर्ष 2018-19 से 2023-24 तक के समस्त लंबित ऑडिट प्रस्तरों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए प्रत्येक सचिव को प्रति सप्ताह कम से कम पांच ऑडिट प्रस्तरों के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया तथा अनुपालन आख्या जिला पंचायत राज अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिला लेखा परीक्षा अधिकारी को भी निर्देशित किया कि जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय से प्रेषित किए जा रहे प्रस्तरों पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए आवश्यक आख्या उपलब्ध कराई जाए, ताकि लंबित मामलों का निस्तारण तेजी से हो सके।
बैठक में सर्वाधिक लंबित ऑडिट प्रस्तर रखने वाले सचिवों पर विशेष नाराजगी व्यक्त की गई। इनमें हेमंत कुमार (20 प्रस्तर), ऋषिकेश पटेल (17 प्रस्तर), बाबूलाल (17 प्रस्तर), विवेक कुमार पटेल (11 प्रस्तर) तथा रामनाथ (11 प्रस्तर) शामिल हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित सचिवों को कड़े निर्देश देते हुए लंबित प्रस्तरों का जल्द से जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बैठक की कार्यवृत्ति जारी कर अगली समीक्षा बैठक में प्रगति की तुलनात्मक समीक्षा की जाए, जिससे कार्यों की नियमित निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया पांडेय, सभी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) तथा ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे।