Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj
नए मतदाताओं और नवविवाहित महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर, तीन बूथों पर मिले 20 फॉर्म-06।
महराजगंज, 24 अक्टूबर। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शनिवार को प्राथमिक विद्यालय निचलौल का औचक निरीक्षण कर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के तहत बूथों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद बूथ लेवल अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों की प्रगति की जानकारी लेते हुए मतदाता पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता और सक्रियता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्राप्त फॉर्म-06 की जानकारी ली। तीनों बूथों को मिलाकर अब तक कुल 20 फॉर्म-06 प्राप्त होने की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि गांवों और शहरी वार्डों में एसएसआर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया और अभियान के महत्व की जानकारी मिल सके। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके फर्स्ट टाइम वोटरों और नवविवाहित महिलाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नवविवाहित महिलाओं के नाम अक्सर पुराने स्थान से कटने और नए स्थान की मतदाता सूची में जुड़ने में देरी होती है। ऐसे में बीएलओ घर-घर जाकर ऐसी महिलाओं को चिह्नित करें और उनका फॉर्म-06 भरवाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही पूर्व में छूटे किसी भी पात्र नागरिक का नाम भी अभियान के दौरान मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए।
जिलाधिकारी ने एसडीएम निचलौल को एसएसआर अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए नियमित निगरानी के साथ औचक निरीक्षण भी जारी रखने के निर्देश दिए।
तीनों बूथों पर मिले 20 नए फॉर्म-06
प्राथमिक विद्यालय निचलौल में कुल तीन मतदान केंद्र स्थापित हैं। बूथ संख्या 140 पर 845 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 446 पुरुष और 399 महिलाएं हैं। विशेष अभियान के तहत यहां 09 फॉर्म-06 प्राप्त हुए।
बूथ संख्या 141 पर कुल 573 मतदाता हैं, जिनमें 284 पुरुष और 289 महिलाएं शामिल हैं। यहां निरीक्षण के दौरान 04 फॉर्म-06 जमा पाए गए।
वहीं बूथ संख्या 142 पर कुल 896 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 476 पुरुष और 420 महिला मतदाता हैं। इस बूथ पर सबसे अधिक 07 नए फॉर्म-06 प्राप्त हुए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम निचलौल अवनीश त्रिपाठी और तहसीलदार निचलौल अमित सिंह मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को एसएसआर अभियान को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।