थाना प्रभारी योगेन्द्र राय के नेतृत्व में पैदल गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर—लोगों से पुलिस को तत्काल सूचना देने की अपील!सार्वजनिक जगहों पर शराबखोरी पर निचलौल पुलिस का शिकंजा!

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/निचलौल

 

महराजगंज, 4 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक शक्तिमान अवस्थी के निर्देशन में निचलौल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई के उद्देश्य से पैदल गश्त की। थाना प्रभारी योगेन्द्र राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बे एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

 

पैदल गश्त के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों को स्पष्ट चेतावनी दी कि खुले स्थानों पर शराबखोरी और इससे जुड़ी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। थाना प्रभारी ने पुलिसकर्मियों को ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

थाना प्रभारी योगेन्द्र राय ने बताया कि पैदल गश्त का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस लगातार संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 

उन्होंने आमजन से अपील की कि क्षेत्र में यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध वस्तु या किसी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *