*शादी के नाम पर ठगी: ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह का पर्दाफाश, 4 महिलाएं गिरफ्तार।*

Bureau Report /Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor 

 

महराजगंज, 03 मई 2026 जनपद पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से ₹39,500 नगद, एक जोड़ी पायल और एक मंगलसूत्र बरामद किया है, जबकि मुख्य आरोपी जितेन्द्र अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

 

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सुनियोजित तरीके से भोले-भाले लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी करता था। ताजा मामले में एटा निवासी पीड़ित रंजीत चौहान को 2 मई को सिन्दुरिया क्षेत्र में बुलाकर शादी की रस्में कराई गईं। इस दौरान आरोपियों ने खाने-पीने और शादी के नाम पर ₹1 लाख से अधिक की रकम और आभूषण ठग लिए।

 

घटना के दौरान आरोपियों ने पीड़ित और उसके परिजनों के साथ मारपीट भी की, जिससे कई लोग घायल हो गए। इसके बाद मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि अन्य महिलाएं भी धमकी देकर भाग निकलीं।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 मई को चिउटहा बाजार के पास से चारों महिलाओं—लालती, सुमित्रा, काजल और अंजलिका—को गिरफ्तार कर लिया।

 

जांच में सामने आया कि अंजलिका पहले से विवाहित है और एक बच्चे की मां है, लेकिन उसे अविवाहित बताकर शादी कराई जा रही थी। गिरोह में सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और मिलकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते थे।

 

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *