रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
महराजगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
महराजगंज: शादी कराने का झांसा देकर लोगों से ठगी, जालसाजी और मारपीट करने वाले कथित “लूटेरी दुल्हन गिरोह” के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थाना सिन्दुरिया पुलिस ने गिरोह की चार महिला सदस्यों के विरुद्ध उ0प्र0 गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह शादी कराने के नाम पर भोले-भाले लोगों को फंसाकर उनसे नकदी, जेवरात और अन्य सामान ठग लेता था। मामले में एटा जनपद निवासी रंजीत चौहान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने उनकी शादी कराने का झांसा देकर करीब 90 हजार रुपये नकद, मंगलसूत्र और चांदी की पायल हड़प ली। आरोप है कि शादी की रस्मों के दौरान आरोपियों ने खाने-पीने के नाम पर भी रुपये वसूले और बाद में मारपीट कर धमकी देते हुए फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह की सदस्य लालती, सुमित्रा, काजल और अंजलिका उर्फ अंजली को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 39,500 रुपये नकद, चांदी की पायल और मंगलसूत्र बरामद किया। पुलिस ने बताया कि गिरोह के सदस्य लगातार धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी जैसे अपराधों में संलिप्त रहे हैं तथा इनके खिलाफ आम लोगों में भय का माहौल था।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना और उसके सदस्य लोकलाज और भय का फायदा उठाकर लोगों को अपना शिकार बनाते थे। इसी आधार पर गैंग चार्ट तैयार कर जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार अभियुक्ताएं
लालती निवासी गौरी बढ़ैपुरवा, थाना कोठीभार, महराजगंज
सुमित्रा निवासी पिपरामाफी, थाना कप्तानगंज, कुशीनगर
काजल निवासी चकबंदी दक्षिणी टोला, थाना कप्तानगंज, कुशीनगर
अंजली उर्फ अंजलिका निवासी भेड़ियहवा टोला, थाना कप्तानगंज, कुशीनगर
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी लालती के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, अपहरण, धमकी और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं।