मिशन शक्ति फेज-6.0: महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान व अधिकारों के प्रति किया जागरूक!
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/सिंदुरिया
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत थाना फरेंदा परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधानों, ग्राम चौकीदारों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं एवं उपस्थित महिलाओं को छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या सहित महिलाओं से जुड़े विभिन्न अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से बताया गया।
इस दौरान महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका तत्काल उपयोग करने की अपील की गई।
इसके अलावा बालिकाओं की सुरक्षा, उनके घर से जाने से जुड़ी समस्याओं और इससे होने वाले सामाजिक दुष्प्रभावों पर भी चर्चा की गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की जानकारी भी दी गई।
पुलिस विभाग का उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक कर उन्हें भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना और समाज में सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करना है।