धार्मिक सौहार्द एवं आपसी एकता बनाए रखने की अपील, पर्व के दौरान किसी भी परिस्थिति में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की कही बात।
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/सिंदुरिया (महराजगंज)।
आगामी दिवाली एवं छठ पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से सिंदुरिया थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अनूप तिवारी ने की। इस दौरान चौकी इंचार्ज मनोज यादव सहित क्षेत्र के विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, ग्राम प्रधान एवं सिंदुरिया थाना क्षेत्र के तमाम गणमान्य और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
बैठक में आगामी त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे और धार्मिक सौहार्द के साथ मनाने पर विशेष चर्चा की गई। थानाध्यक्ष अनूप तिवारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि दिवाली और छठ पर्व हमारी आस्था, परंपरा एवं सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ऐसे महत्वपूर्ण पर्वों को सभी लोगों को मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। यदि कहीं कोई विवाद, असामाजिक गतिविधि अथवा संदिग्ध स्थिति दिखाई देती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन आमजन की सुरक्षा और त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। सभी धर्मों के लोगों को एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहार मनाना चाहिए। समाज में आपसी सौहार्द और एकता बनी रहे, इसके लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है।
बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी क्षेत्र में शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में आपसी विश्वास को मजबूत करना और दिवाली एवं छठ पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना रहा।