गालीबाज थानाध्यक्ष के खिलाफ पत्रकारों का प्रदर्शन, एसपी को सौंपा ज्ञापन!
महराजगंज। ठूठीबारी थानाध्यक्ष अमित सिंह पर पत्रकार से कथित दुर्व्यवहार के आरोप को लेकर मंगलवार को जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब, महराजगंज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक से तत्काल मुलाकात न होने पर संगठन के पदाधिकारी एसपी कार्यालय परिसर के बाहर धरने की मुद्रा में फर्श पर बैठ गए, जिससे कुछ देर के लिए प्रशासनिक हलचल बढ़ गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रवेश के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों ने संगठन के सदस्यों को यह कहते हुए गेट पर रोक दिया कि अधिकारी के उपलब्ध होने पर ही मुलाकात कराई जाएगी। इससे नाराज जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के जिलाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव अपने साथियों के साथ एसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने संगठन के पदाधिकारियों को अपने कार्यालय में बुलाकर उनकी बात सुनी। पत्रकार उत्पीड़न से जुड़े पूरे प्रकरण पर चर्चा के बाद उन्होंने नौतनवा क्षेत्राधिकारी (सीओ) को मामले की जांच सौंपते हुए एक सप्ताह के भीतर निष्पक्ष जांच पूरी कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन में कहा गया है कि ठूठीबारी थाना क्षेत्र के पत्रकार दिनेश रौनियार के साथ भूमि विवाद से जुड़े एक मामले में थानाध्यक्ष अमित सिंह द्वारा कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि घटना से मानसिक रूप से आहत होकर पत्रकार ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है।
जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब का आरोप है कि थानाध्यक्ष के खिलाफ पहले भी फरियादियों एवं आम लोगों के साथ कथित अमर्यादित व्यवहार के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ चुके हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि गैर जनपद स्थानांतरण होने के बावजूद उप निरीक्षक अमित सिंह महराजगंज में कार्यरत हैं।
संगठन ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी के विरुद्ध कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पत्रकारों और आम नागरिकों का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
बाइट: अजय श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष, जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब, महराजगंज।
बाइट: दिनेश रौनियार, पीड़ित पत्रकार।