नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद महराजगंज प्रशासन अलर्ट, डीएम ने की प्रेस वार्ता! नेपाल के हिमालयी क्षेत्र में भूस्खलन से नदी में बना प्राकृतिक अवरोध टूटा, महराजगंज में फिलहाल खतरे की आशंका नहीं।

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो | महराजगंज

 

महराजगंज, 11 अक्टूबर 2026। नेपाल के गोरखा जिले के चुमनुबरी ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र में बूढ़ी गंडकी नदी की सहायक स्यार नदी (उंगिलुंग खोला) में भूस्खलन के कारण बने प्राकृतिक अवरोध के अचानक टूटने से फ्लैश फ्लड की घटना सामने आई है। इसके बाद नेपाल के निचले क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए महराजगंज जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर स्थिति की जानकारी दी।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि यह घटना महराजगंज जनपद से लगभग 150 से 180 किलोमीटर उत्तर दिशा में नेपाल के हिमालयी क्षेत्र में हुई है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इसका महराजगंज की सीमा में कोई विशेष प्रत्यक्ष प्रभाव पड़ने की आशंका नहीं है। फिलहाल जनपद में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

 

उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया गया है। जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है और संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।

 

वाल्मीकिनगर बैराज के जलस्तर पर नजर

 

जिलाधिकारी ने बताया कि वाल्मीकिनगर बैराज के जलस्तर और संबंधित जल प्रवाह की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल देने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां भी पूरी रखने को कहा गया है।

 

अफवाहों से बचें, आधिकारिक सूचनाओं पर करें भरोसा

 

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *