एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में महराजगंज ने रचा कीर्तिमान, 32.38 लाख पौधों का हुआ वृहद वृक्षारोपण!

Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj 

महराजगंज, 12 जुलाई। प्रदेश सरकार के पर्यावरण संरक्षण अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत रविवार को महराजगंज जनपद में वृहद वृक्षारोपण महाअभियान चलाया गया। पूरे जिले में लगभग 32 लाख 38 हजार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान का संदेश दिया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

अभियान का मुख्य कार्यक्रम 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. मिथिलेश तिवारी, उपाध्यक्ष, बिरजू महाराज कथक संस्थान, लखनऊ रहीं। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह तथा प्रभागीय वनाधिकारी सुर्वे निरंजन राजेंद्र सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मिथिलेश तिवारी ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल वृक्षारोपण का अभियान नहीं, बल्कि जन्मदात्री माँ और धरती माँ के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का भावनात्मक प्रयास है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में माँ और प्रकृति दोनों को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।

 

सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। यह शुद्ध वायु, जल संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना जितना आवश्यक है, उससे अधिक उसकी देखभाल और संरक्षण करना जरूरी है। यदि प्रत्येक परिवार एक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, तो प्रदेश का पर्यावरण और अधिक समृद्ध होगा।

 

मुख्य कार्यक्रम के अलावा जिले के विभिन्न विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और वन क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया। ग्राम पंचायत दरहटा में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, जनपद के नोडल अधिकारी अनुज कुमार झा तथा जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने हरिशंकरी परंपरा के तहत बरगद, पीपल और पाकड़ के पौधे लगाए। इस कार्यक्रम में लगभग 350 लोगों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

 

प्रभागीय वनाधिकारी सुर्वे निरंजन राजेंद्र ने बताया कि महाअभियान के दौरान जनपद में करीब 32.38 लाख पौधों का सफलतापूर्वक रोपण किया गया है। सभी पौधों की जियो टैगिंग कराई जा रही है, ताकि उनकी नियमित निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी व्यक्तिगत स्तर पर पौधरोपण कर इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है।

 

उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की सतत प्रक्रिया है। पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल ही इस अभियान की वास्तविक सफलता होगी।

 

इस अवसर पर एसएसबी कमांडेंट सतीश सिंह ठाकुर, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) डॉ. प्रशांत कुमार, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *