रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज
महराजगंज जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस महकमे में व्यापक स्तर पर फेरबदल करते हुए कई उपनिरीक्षकों और आरक्षियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव कर दिया है। जारी आदेश के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है।

एसपी के निर्देश पर चार चौकी प्रभारियों समेत कुल आठ उपनिरीक्षकों को लाइन हाजिर किया गया है, जबकि कई पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे इस कदम को पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
नवीन तैनाती सूची के अनुसार उपनिरीक्षक सत्य प्रकाश त्रिपाठी को कोल्हुई से सिन्दुरिया चौकी का प्रभार सौंपा गया है। वहीं उपनिरीक्षक अरविन्द यादव को फरेंदा से भिटौली और उपनिरीक्षक प्रधान यादव को पुरन्दरपुर से बृजमनगंज स्थानांतरित किया गया है।
इसके अलावा आरक्षी राहुल तिवारी को भिटौली से बृजमनगंज तथा आरक्षी विपिन यादव को फरेंदा से भिटौली में नई तैनाती दी गई है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस बड़े फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। आदेश के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में पुलिस विभाग में और भी प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।