Bureau Report /News 18 Plus Rakesh Tripathi Siswa/ Kothibar /Chief Editor
महराजगंज (घुघली): जनपद के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरिया गांव में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भारी भीड़ जुट गई।
मृतका की पहचान संध्या उर्फ खुशबू चौहान (पत्नी राकेश चौहान) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार महिला का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला, जिससे मौत के कारणों को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची घुघली पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाए हैं।
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
थाना प्रभारी घुघली, सूरज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।