नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संभाला कार्यभार, विकास योजनाओं की प्रभावी डिलीवरी पर दिया जोर।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

महराजगंज। जनपद में नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने पदभार ग्रहण कर अधिकारियों के साथ परिचय बैठक की और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनोन्मुखी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं की डिलीवरी में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से लाभ पहुंच सके। उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत संचालित “लखपति दीदी योजना” को महत्वपूर्ण बताते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

 

नगर विकास के क्षेत्र में जनपद के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण को गंभीरता से लागू करने की बात कही। साथ ही जल संचय को जनभागीदारी से जोड़कर जन अभियान का रूप देने पर बल दिया।

 

जिलाधिकारी ने राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण को शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए लंबित मामलों को तेजी से निपटाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई को भी गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता के साथ किया जाए।

 

स्मार्ट मीटर योजना के संबंध में लोगों को जागरूक करने तथा उनकी आपत्तियों का समय पर समाधान करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही स्वगणना को प्रभावी तरीके से संपादित कराना प्रशासन का महत्वपूर्ण उद्देश्य बताया गया।

 

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद के समग्र विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *