Bureau Report /News 18 Plus /Nichlaul
निचलौल। आगामी दुर्गा पूजा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना निचलौल परिसर में मूर्ति आयोजकों, पूजा समिति के सदस्यों एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में आयोजित बैठक में आयोजकों एवं नागरिकों से आपसी भाईचारे और शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की गई। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पूजा पंडालों के निर्माण, विद्युत सुरक्षा, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग तथा मूर्ति विसर्जन जुलूस के निर्धारित नियमों और मार्गों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया। पूजा पंडालों में अग्निशमन सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने के साथ ही आयोजकों को अपने स्तर पर सतर्क स्वयंसेवक तैनात करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का पालन करते हुए त्योहार को आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाया जाए।