न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/निचलौल
महराजगंज। निचलौल तहसील क्षेत्र के बहुआर इलाके में नारायणी नदी में मछली पकड़ने गए 35 वर्षीय युवक को मगरमच्छ के हमले में जान गंवानी पड़ी। सोमवार को नदी में खींचे गए युवक की करीब 27 घंटे तक लगातार तलाश के बाद मंगलवार दोपहर लगभग 2:50 बजे उसका क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार गेढ़हवा गांव निवासी छबिलाल साहनी सोमवार को नारायणी नदी क्षेत्र में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे देखते ही देखते गहरे पानी में खींच ले गया। घटना की सूचना मिलते ही बहुआर चौकी प्रभारी मनोज गुप्ता की निगरानी में पुलिस टीम ने वन विभाग, एसएसबी और एनडीआरएफ के सहयोग से सर्च अभियान शुरू कराया।
27 घंटे चला तलाशी अभियान
नदी का बहाव और गहराई तलाशी अभियान में बड़ी चुनौती बनी रही। टीमों ने नदी के संभावित हिस्सों में लगातार तलाश की। मंगलवार दोपहर करीब 2:50 बजे आखिरकार युवक का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
छबिलाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों के मुताबिक मृतक परिवार की जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण सहारा था। उसकी मौत के बाद वृद्ध मां सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे-बेटी के सिर से भी पिता का साया उठ गया।
नदी किनारे जाने में बरतें विशेष सावधानी : रेंजर
निचलौल रेंजर सुनील राय ने बताया कि नदी किनारे बसे गांवों में लोगों को मगरमच्छों की सक्रियता के दौरान नदी क्षेत्र में न जाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। ताजा घटना के बाद नदी क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
सुरक्षा को लेकर पुलिस भी अलर्ट
थानाध्यक्ष योगेंद्र राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान में सहयोग किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि नदी, नहर और जलाशयों के किनारे विशेष सावधानी बरतें तथा अकेले मछली पकड़ने या अन्य कार्यों के लिए गहरे पानी में न जाएं। किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस या वन विभाग को सूचना दें।
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से नियमानुसार मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया भी की जाएगी।