ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी /सिसवा बाजार
सह संपादक
महराजगंज (सिसवा):विकास खंड सिसवा परिसर में शनिवार को ग्राम रोजगार सेवकों और मनरेगा कर्मियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर कलमबंद हड़ताल करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए एडीओ आईएसबी सुजीत गोंड को ज्ञापन सौंपा।
यह विरोध प्रदर्शन उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक (पंचायत मित्र) वेलफेयर एसोसिएशन के प्रांतीय आह्वान पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।
ब्लॉक उपाध्यक्ष उपेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशानुसार 16 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक पूरे विकास खंड के ग्राम रोजगार सेवक, मनरेगा अधिकारी और कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। इस आंदोलन में अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, लेखाकार और कंप्यूटर ऑपरेटर भी शामिल हैं, जिससे कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में लंबे समय से लंबित मानदेय का भुगतान, ईपीएफ सुविधा लागू करना तथा “समान कार्य के लिए समान वेतन” की व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल है। उन्होंने कहा कि 4 अक्टूबर 2021 को लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा घोषित एचआर पॉलिसी आज तक लागू नहीं की गई, जिसके चलते कर्मचारी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने प्रांतीय नेतृत्व से दिशा-निर्देश मिलने तक अधिकारियों से कर्मचारियों पर कार्य करने का दबाव न बनाने की भी अपील की।
इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सिंह, उपाध्यक्ष उपेंद्र शर्मा, शीला सिंह, संगीता चौधरी, पल्लवी, किरण देवी, राजेश कुशवाहा, प्रेमसुधा, साधना, समिता, दीपदेश कुमार, आशुतोष दुबे, शकुंतला त्रिपाठी, रीता देवी, किरण जायसवाल, सोनू प्रसाद, प्रियंका देवी, सुमन देवी, शैलेन्द्र कुमार, पूनम चौहान, रेहाना खातून और शशि सिंह सहित बड़ी संख्या में रोजगार सेवक मौजूद रहे।