News 18 Plus Bureau: Siswa/Kothibhar, Maharajganj
महराजगंज /सिसवा कोठीभार आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में कोठीभार थाना क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के तहत पैदल गश्त अभियान चलाया गया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध पटेल एवं कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा ने पुलिस बल के साथ कस्बे एवं संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन से संवाद स्थापित किया और लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने बाजार, मुख्य चौराहों, धार्मिक स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण करते हुए लोगों से भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, त्याग और भाईचारे का पर्व है, इसलिए सभी लोग मिलजुल कर इसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं।
क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध पटेल का बयान
क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध पटेल ने कहा कि,
“त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। किसी भी व्यक्ति द्वारा माहौल खराब करने अथवा अफवाह फैलाने की कोशिश की गई तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा का वर्ज़न
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा ने कहा कि,
“कोठीभार पुलिस क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सक्रिय है। सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश फैलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। त्योहार के दौरान सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखें। यदि कोई व्यक्ति शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस की इस सक्रियता और पैदल गश्त से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का भरोसा दिलाया।